उफ़ान पर गंगा! खतरे के निशान को पार कर गई गंगा, दहशत में ग्रामीण

बीआर दर्शन | बक्सर
बक्सर में एक बार फिर गंगा का रौद्र रूप डराने लगी है। केंद्रीय जल आयोग से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को संध्या छह बजे गंगा का जल स्तर खतरे के निशान से चार सेंटीमीटर ऊपर पहुंच चुका है। वहीं फिलहाल गंगा का पानी प्रति घंटे एक सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है।
बता दें कि बक्सर में गंगा का डेंजर लेबल 60.32 मीटर है, जबकि शाम छह बजे जलस्तर 60.36 मीटर दर्ज किया गया है। जिले के बक्सर, चौसा, सिमरी, चक्की और ब्रह्मपुर प्रखंड के तटीय इलाकों में गंगा का पानी तेजी से फल रहा है। वहीं गंगा के कछार पर की गई सब्जी फसल डूबने के चलते किसानों को काफी नुकसान हुआ है।
वहीं दूसरी ओर गंगा के पानी में जारी बढ़ोतरी के चलते ठोरा नदी में पानी का दबाव बढ़ गया है। नतीजा कृतपुरा-गोविंदपुर मार्ग पर लगभग एक फीट पानी चढ़ गया है। छोटका नुआंव पंचायत के पूर्व उप मुखिया मुन्ना राय ने बताया कि गोविंदपुर, लरई समेत आधा दर्जन गांव के लोग दस किलोमीटर का दूरी तय कर जिला मुख्यालय पहुंच रहे हैं। वैसे बता दें कि इस वर्ष गंगा का जलस्तर अधिकतम 60.89 मीटर तक पहुंच कर स्थिर होने के बाद घटने का क्रम शुरू हो गया था।