CRIME

आपसी विवाद में गुस्साए पति ने पटिया से पत्नी को मारा, हुई मौत, एक अन्य महिला जख्मी 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

औद्योगिक थाना क्षेत्र के परसिया गांव में शुक्रवार की दोपहर घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े में पति ने पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बीच-बचाव करने गई मृतका की देवरानी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। जख्मी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक औद्योगिक थाना क्षेत्र के परसिया गांव निवासी श्रवण राम और उसकी पत्नी रेखा देवी (उम्र लगभग 35 वर्ष) के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आए सरवन राम ने घर में बेकार पड़े खाट के पटीया से रेखा देवी के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण रेखा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची सरवन राम के भाई साजन की पत्नी डिंपल देवी (उम्र लगभग 30 वर्ष) तथा एक अन्य रिश्ते की बहन ने झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी पति ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे डिंपल देवी को गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी पति घटना के बाद फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।  पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दोषी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button