अहियापुर हत्याकांड : मफरार आरोपी उमेश यादव गिरफ्तार, दो के घर पर चला बुलडोजर

बीआर दर्शन | बक्सर
जिले के चर्चित अहियापुर तिहरे हत्याकांड में पुलिस को गुरुवार को एक अहम सफलता मिली। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपी उमेश यादव, पिता लक्ष्मण यादव को टाउन थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उमेश यादव बक्सर रेलवे स्टेशन के रास्ते फरार होने की कोशिश में था, लेकिन गुप्त सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे शहर में प्रवेश करते ही दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ से हत्याकांड की साजिश और इसमें शामिल अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। पुलिस पहले ही आरोपी के घर पर इश्तेहार चस्पा कर चुकी थी।
वहीं गुरुवार को हत्याकांड के दो अन्य आराेपिताें के घर पर पुलिस ने बुलडोजर चलाया। राजपुर थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश सिंह ने बताया कि हत्याकांड के दो आरोपित शिवम यादव और विकास यादव पिता महेंद्र यादव के घर कुर्की की कार्रवाई की गई है। पुलिस टीम ने घर में रखे समानों को कब्जे में ले लिया। अहियापुर हत्याकांड के आरोपितों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। हत्याकांड के मुख्य आरोपित पूर्व में ही कोर्ट में सरेंडर कर दिया था।