अहियापुर हत्याकांड: डुगडुगी बजाकर पांच आरोपितों के घर पर पुलिस ने चस्पाया कुर्की का इश्तेहार

बीआर दर्शन | बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव में शनिवार की अहले सुबह हुए तिहरे हत्याकांड के आरोपितों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने बुधवार को पांच आरोपितों के घर डुगडुगी बजा कर कुर्की का इश्तेहार चस्पा दिया है। आरोपितों के गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस जल्द ही कुर्की की कार्रवाई करेगी।
बता दें कि शनिवार को गिट्टी बालू रखने को लेकर हुए उपजे विवाद में हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला कर तीन लोगों की हत्या कर दो अन्य लोगों को गम्भीर रूप से जख्मी कर दिया था। वही इस घटना के बाद प्रशासन के खिलाफ लोगों में आक्रोश फैल गया जिसके बाद पुलिस की ओर से न्यायालय में प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर बुधवार को कोर्ट ने इस मामले के मुख्य कुल पांच आरोपितों के खिलाफ कुर्की का वारंट जारी किया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मनोज यादव, संतोष यादव, अभिषेक यादव, बटेशवर यादव, महेंद्र यादव, कुणाल का नाम शामिल है। बुधवार को थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने गांव में डुगडुगी बजाकर आरोपितों के घरों पर इश्तेहार चस्पाया। थानाध्यक्ष के अनुसार, जल्द ही इन आरोपियों के घरों और संपत्तियों पर कुर्की की कार्रवाई शुरू की जाएगी। वहीं अन्य के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है।