अज्ञात वाहन के धक्के से वृद्ध की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

बीआर दर्शन | बक्सर
एनएच 922 आरा बक्सर फोरलेन पर नया भोजपुर ओपी पुराना भोजपुर के समीप अंबेडकर नगर के पास सड़क पार कर रहे एक 75 वर्षीय वृद्ध को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया। जिससे मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग करने लगे। मौके पर पहुंची भोजपुर ओपी पुलिस ने समझा बुझाकर सड़क जाम हटवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह एनएच 922 पर आरा बक्सर फोरलेन पर पुराना भोजपुर के समीप स्थानीय गांव के मोहन यादव उम्र 75 वर्ष पिता स्व नगीना यादव फोरलेन को पार कर अपने डेरा पर जा रहे थे। उसी दौरान गलत लेन से आ रही अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वही परिजन व गांव वाले सड़क पर पहुंच मुआवजा की मांग करते हुए सड़क जाम कर दी। स्थानीय लोगों के द्वारा दुघर्टना की जानकारी नया भोजपुर ओपी प्रभारी मनीष कुमार को दी। मौके पर दलबल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया। पुलिस सड़क पर आवागमन सुचारू रूप से शुरू करा दिया।
नया भोजपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि ग्रामीणों को समझा कर जाम हटा दिया गया है। वाहन के पहचान की कोशिश की जा रही है। कागजी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।