स्नान करने के दौरान तलाब में डूबने से युवक की गई जान, परिवार में पसरा मातम

बीआर दर्शन | बक्सर
सोनवर्षा थाना क्षेत्र के वैना गांव में शनिवार को तालाब में डूबने से एक 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक वैना गांव निवासी रामायण चौधरी के पुत्र सुभाष प्रकाश (35) शनिवार को अपने टोला स्थित तालाब में स्नान करने गए थे। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि पहली बार स्नान करने के बाद वह तालाब से बाहर निकले, लेकिन दूसरी बार अंदर जाने के बाद वह बाहर नहीं आ सके। तालाब के बाहर बैठे ग्रामीणों ने जब काफी देर तक सुभाष को बाहर आते नहीं देखा तो उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से उन्हे आनन-फानन में तालाब से बाहर निकाला गया। हालांकि तबतक उनकी मौत हो चुकी थी।


घटना की सूचना सोनवर्षा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तालाब में स्नान के दौरान डूबने से एक व्यक्ति की मौत हुई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




