सोशल मीडिया पर जाति विशेष को गाली देने वाला गिरफ्तार
बीआर दर्शन | बक्सर
सोशल मीडिया पर जाति का नाम लेकर गाली-गलौज और अभद्र टिपण्णी करने वाले युवक को इटाढ़ी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक से पूछताछ के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया। सोशल मीडिया पर किसी जाति या धर्म पर अभद्र टिपण्णी करने वालों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करने की बात कह रही है।
एसपी मनीष कुमार से मिली जानकारी के मुताबिक इटाढ़ी के चंदन यादव के द्वारा पाल जाति के लोगों के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिपण्णी किया था। अभद्र टिपण्णी करने के बाद बिहार युवा गड़ेरियाा मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. धनजी पाल ने स्थानीय थाना में एफआईआर दर्ज कराई थी। सोशल मीडिया पर अभद्र टिपण्णी के बाद आरोपित फरार चल रहा था। पुलिस की मानें तो आरोपित हैदराबाद में रह रहा था। पिछले दिनों मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवा गांव में अपने मामा के घर छुपा हुआ था। गुप्त सूचना मिलने पर इटाढ़ी थाना पुलिस ने आरोपित को महादेवा गांव से गिरफ्तार कर लिया। पिछले दिनों ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गरहथा के मनीष कुमार यादव के द्वारा एक जाति के खिलाफ अभद्र टिपण्णी किया गया था। उक्त युवक के द्वारा सोशल मीडिया पर गाली देता हुआ देखा गया था। मामले को लेकर बिहार राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष विद्यानन्द विकल ने स्थानीय थानाध्यक्ष, एसपी और डीआईजी को पत्र देकर आरोपित युवक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग किया था। अध्यक्ष ने स्पीडी ट्रायल कर कार्रवाई करने की मांग किया है।