CRIME

संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत, पति और सास गिरफ्तार 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

सिकरौल थाना क्षेत्र के दिवान के बड़का गांव में संदिग्ध परिस्थिति में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के भाई के बयान पर एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति और सास को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक सिकरौल थाना क्षेत्र के दीवान के बड़कागांव के स्व. त्रिवेणी पांडेय के पुत्र सत्यानंद पांडेय उर्फ विमल पांडेय मुंबई में रहता था। वर्ष 2021 में सोशल मीडिया के माध्यम से उसका संपर्क यूपी के गोरखपुर की रहने वाली रिया राय से हुआ। दोनों कथित रूप से शादी कर लिया। दोनों के बीच एक पुत्री भी हुई। रिया करीब छह-सात माह पूर्व सत्या पांडेय के घर पहुंची तो उसे मालूम हुआ कि सत्या पूर्व से शादीशुदा है। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई। हालांकि बाद में रिया भी सत्या के साथ रहने लगी। इसी बीच रिया की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।

रिया का शव लेकर परिजन दाह संस्कार के लिए बक्सर श्मशान घाट पहुंचे। इसी बीच रिया की मौत की सूचना मिलते ही उसका भाई और परिजन टाउन थाना पुलिस के साथ श्मशान घाट पहुंचे। भाई सत्या और उसके परिजनों पर हत्या का आराेप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति सत्यानंद पांडेय और उसकी मां विद्यावती देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

आरोपी पक्ष का कहना है कि रिया को पुरानी बीमारी थी, जबकि मायके वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं। सिकरौल थानाध्यक्ष रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का असली कारण सामने आएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button