संदिग्ध परिस्थिति में नवविवाहिता ने लगाई फांसी, जांच में जुटी पुलिस

बीआर दर्शन। बक्सर
औद्योगिक थाना क्षेत्र के चुरामनपुर गांव में सोमवार की देर शाम नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान पत्नी नेहा देवी (22) के रूप में हुई है। उसकी शादी 20 अप्रैल को उमेश सिंह से हुई थी। सोमवार रात काम से लौटने पर पति ने घर का दरवाजा बंद पाया। कई बार आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक चुरामनपुर के उमेश की शादी नेहा से 22 अप्रैल को हुई थी। शादी के बाद दोनों चुरामनपुर पैतृक घर में रहते थे। उमेश निजी कार्य करता है। सोमवार की शाम कार्य से लौटा तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। खिड़की से झांकने पर उन्हें नेहा फंदे से लटकी दिखी। उमेश ने तुरंत अपने पिता धनपति सिंह और परिजनों को बुलाया। सभी ने मिलकर दरवाजा तोड़ा और नेहा को नीचे उतारा। परिजन का कहना है कि उस समय नेहा की सांसें चल रही थीं। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि नेहा का किसी से कोई विवाद नहीं था। आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। औद्योगिक थाना अपर थानाध्यक्ष संजय विकास त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों द्वारा एफआईआर दर्ज कराए जाने के बाद मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।