CRIME

संदिग्ध परिस्थिति नवविवाहिता की मौत, सास और पति गिरफ्तार 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

शहर के बीबीगंज मोहल्ले में रविवार को संदिग्ध परिस्थिति में एक नवविवाहिता की मौत हो गई। विवाहिता का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक सोहनी पट्टी मोहल्ले के कन्हैया पांडेय की पुत्री श्यामा कुमारी की शादी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र के वीरपुर निवासी स्व. संजय चौबे के पुत्र राहुल कुमार चौबे के साथ दिसंबर 2025 में किए थे। शादी कुछ दिनों के बाद उनकी बेटी और उसके ससुराल वाले बीबीगंज मोहल्ले में के के मंडल महिला कालेज के समीप अपने मकान में रहने लगे। मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी के ससुराल वाले आए दिन दहेज में दो लाख रुपए और बुलेट बाइक की मांग करने लगे। दहेज नहीं मिलने पर ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे। प्रताड़ना से परेशान विवाहिता ने रविवार को फोन कर अपने पिता को जानकारी दी। पिता ने रविवार होने के कारण सोमवार को उसे लिवा लाने का भरोसा दिया। करीब छह बजे राहुल ने अपने ससुर कन्हैया पांडेय को सूचना दिया कि आपकी पुत्री फंदे से फांसी लगा रही है। अचानक सूचना मिलते ही कन्हैया पांडेय पुत्री के ससुराल पहुंचे। उनका कहना है कि जब बीबीगंज बेटी के ससुराल पहुंचे तो देखा कि उनकी बेटी का कमरा खुला हुआ है और उनकी बेटी पंखे में दुपट्टा के फंदे से लटकी हुई थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के पिता ने पति राहुल चौबे, सास सीमा देवी और ननद पूजा के खिलाफ दहेज के लिए विवाहिता का गला दबाकर हत्या करने और शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी पति और सास को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button