CRIME

शहर में ट्रक इंट्री कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

 

बीआर दर्शन | बक्सर

जिले में सक्रिय ट्रक इंट्री गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार सदस्यों से पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपितों ने खुलासा किया कि विभाग से सांठगांठ कर अवैध तरीके से ओवरलोडेड और बिना कागजात वाले ट्रकों को पास कराने का काम करते हैं। पुलिस मामले की बारिकी से जांच कर रही है।

पुलिस को सूचना मिली कि एक काले रंग की बोलेरो में सवार कुछ लोग ट्रकों की सेटिंग कर उन्हें शहर से पार कराने के लिए आईटीआई मोड़ की तरफ आ रहे हैं। पुलिस ने जब घेराबंदी कर उन्हें रुकने का इशारा किया, तो चालक बोलेरो को साइड से भगाकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर कॉलेज गेट के पास उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गंगा दयाल (20 वर्ष) और भरत सिंह (24 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। गंगा दयाल के फोन में ‘बक्सर मोबाईल एसआई’ नाम का एक व्हाट्सएप ग्रुप पाया गया, जिसका वह खुद एडमिन था। इस ग्रुप में बक्सर चेक पोस्ट और विभाग के कई कर्मियों के नाम से नंबर सेव थे। पुलिस को ग्रुप में ट्रकों के नंबर, मोबाइल नंबर और ऑनलाइन रुपयों के लेनदेन के पुख्ता सबूत मिले हैं। जांच में पता चला कि प्रतिदिन 15 से 20 कोयला और भूसी लदे ट्रकों को अवैध रूप से पास कराया जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि हम एक ट्रक पास कराने के एवज में मालिक या चालक से 1200 रुपये वसूलते थे। इसमें से 500 रुपये संबंधित विभाग के पदाधिकारियों और कर्मियों को दिए जाते थे ताकि ट्रक बिना किसी जांच के शहर और चेक पोस्ट से पार हो सकें। मामले में महिला सब-इंस्पेक्टर शुभम कुमारी के आवेदन पर टाउन थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस अब इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य रसूखदारों और विभागीय कर्मियों की तलाश में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button