मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु की कार में लगी आग, मची अफरातफरी

बीआर दर्शन | बक्सर
ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र स्थित बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर परिसर में शुक्रवार को मंदिर के समीप खड़ी श्रद्धालु की कार में आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों के मदद से आग पर काबू पाया।

मिली जानकारी के मुताबिक बलिया जिले के नगवां गांव निवासी पंकज कुमार चौरसिया, पिता अजय चौरसिया, अपने परिवार के साथ शिवरात्रि के अवसर पर स्विफ्ट डिजायर कार से बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे थे। पूजा-अर्चना के लिए मंदिर में प्रवेश करने से पूर्व उन्होंने अपनी कार मंदिर परिसर के पास खड़ी कर दी थी। परिवार के मंदिर के अंदर जाने के कुछ ही देर बाद अचानक खड़ी कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते वाहन में भीषण आग लग गई। कुछ ही क्षणों में कार धू-धू कर जलने लगी।

आग की ऊंची लपटें उठती देख मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सदल बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। अनुमान लगाया जा रहा है कि शार्ट सर्किट से आग लगी होगी।





