ब्रह्मपुर में ठनका गिरने से एक की मौत, दो जख्मी, खेत में कर रहे थे कार्य

बीआर दर्शन | बक्सर
ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गायघाट दियर में खेत में काम कर रहे मजदूरों पर ठनका गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। ज़ख्मियों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
मिली जानकारी के मुताबिक ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के योगिया पंचायत के ओझवलिया टोला के रामजी बिंद अपने गांव के अन्य मजदूरों के साथ खेत में काम कर रहे थे। अचानक मौसम बदलने लगा और तेज गर्जना के साथ आसमान से ठनका गिरा। ठनका के चपेट में आने से रामजी बिंद की मौत हो गई। वहीं पास में काम कर रहे प्रदीप बिंद (पिता उतिल बिंद) और संतोष बिंद (पिता सुदामा बिंद) गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए ब्रह्मपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है और लोग मृतक परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन की ओर से प्राकृतिक आपदा से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।