बैदा मोड़ के समीप गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, एक फरार

बीआर दर्शन | बक्सर
मुरार थाना पुलिस ने शनिवार को गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार गांजा तस्कर से पूछताछ के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया। गांजा तस्कर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक मुरार पुलिस को सूचना मिली कि नावानगर इलाके से गांजा की खेप आने वाली है। तुरंत पुलिस टीम का गठन कर बैदा गांव मोड़ के समीप जांच शुरू कर दिया गया। इस दौरान एक बाइक पर सवार होकर दो लोग आ रहे थे। पुलिस टीम को देखते ही भागने लगे लेकिन पुलिस जवानों ने भाग रहे एक व्यक्ति को बाइक समेत पकड़ लिया। जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा है। जब पकड़े गए व्यक्ति की जांच की गई तो उसके शरीर में बांधे गये पैकेट में सात सौ ग्राम गांजा एवं पांच हजार रुपया मिला। गिरफ्तार गांजा तस्कर नावानगर का विनोद कुमार है। मुरार थानाध्यक्ष कमल नयन पांडेय ने बताया कि जब गांजा तस्कर विनोद से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि गांजा का डिलीवरी देने जा रहे थे। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर गांजा के तस्कर को जेल भेज दिया गया है। फरार गांजा तस्कर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।