बेटी की शादी का सपना संजोए अधेड़ की सड़क दुघर्टना में मौत

बीआर दर्शन | बक्सर
ब्रह्मपुर- रघुनाथपुर रोड में रक्षा नगर के समीप कृषि फार्म के पास साइकिल से जा रहे एक व्यक्ति की सड़क दुघर्टना में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक ब्रह्मपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या तेरह के स्व महेंद्र यादव के पुत्र उमेश यादव राजमिस्त्री का कार्य करते थे। प्रतिदिन सुबह ट्रेन पकड़ने के लिए अपने साइकिल से रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन जाते थे। मोकामा शटल पैसेंजर ट्रेन से मजदूरी करने जाया करते थे। प्रतिदिन की तरह सोमवार को सुबह साढ़े पांच बजे ट्रेन पकड़ने के लिए अपने साइकिल से रघुनाथपुर जा रहे थे। इसी दौरान रक्षा नगर कृषि फार्म के पास एक अज्ञात वाहन चालक उमेश कुमार को टक्कर मार भाग निकला। सुबह में टहलने वाले कुछ युवकों एवं ग्रामीणों ने जख्मी स्थिति में देखा तो डायल 112 के माध्यम से इलाज हेतु रघुनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर के लिए रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल बक्सर ले जाने के क्रम में उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक उमेश यादव की पत्नी फूलपतीया देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था। उनके दो पुत्र मोहन कुमार और दीपक कुमार एवं दो पुत्री पूनम कुमारी और नेहा है। मृतक की बड़ी पुत्री पूनम कुमारी का अप्रैल माह में शादी होने वाली थी। घटना के बाद गांव में मातम छा गया। स्थानीय लोगों ने मृतक के आश्रितों के लिए मुआवजे की मांग की। ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष सुरेश कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।