फांसी के फंदे से लटकी पाई गई विधवा, ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

बीआर दर्शन। बक्सर
जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गरहथा गांव की एक विधवा महिला का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों के सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक जिले के बड़की नैनीजोर गांव निवासी श्रीकांत सिंह ने अपनी पुत्री खुशबू कुमारी की शादी वर्ष 2021 में गरहथा निवासी सुदामा सिंह के पुत्र से की थी। शादी के एक वर्ष बाद 2022 में सड़क दुर्घटना में खुशबू के पति की मृत्यु हो गई। जिसके बाद खुशबू के ससुर सुदामा सिंह ने यह कहा कि वह अपनी बहू की शादी अपने छोटे बेटे से करा देंगे। इस बात पर खुशबू के मायके वाले भी राजी हो गए और खुशबू ससुराल में ही रहने लगी।
इसी बीच मंगलवार की रात खुशबु ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव पंखे की कुंडी से झूलता हुआ पाया गया। जिस वक्त उसने आत्महत्या की उस वक्त घर पर वह तथा उसका देवर था। घटना की सूचना उसके देवर ने पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने फिलहाल देवर को अपनी अभिरक्षा में रखा है और पूछताछ कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा दिया है। विवाहिता के मायके वाले ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मायके वालों के मुताबिक पति की मौत के बाद मानसिक रूप से परेशान रह रही थी। देवर से शादी की बात पर ससुराल में रह रही थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आवेदन मिलने पर जांच किया जाएगा। जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।