CRIME

फर्जी रसीद पर अवैध वसूली करने वाले गिरोह के सदस्य गिरफ्तार 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

मुफस्सिल थाना क्षेत्र में फर्जी रसीद के माध्यम से ट्रकों से अवैध वसूली करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार करते हुए नगद राशि और बड़ी संख्या में फर्जी रसीद बरामद की है। पुलिस पुरे मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यादव मोड़ के आसपास कुछ लोग कोयला ट्रक चालकों से अवैध वसूली कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यादव मोड़ पर छापेमारी की, जहां से रामबचन सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दानी कुटिया स्थित पेट्रोल पंप के पास से श्यामबिहारी सिंह तथा अखौरीपुर गोला के आगे पंजाबी ढाबा के पास से सैयद शाहनवाज को भी दबोच लिया।

तीनों आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 28 हजार 900 रुपये नगद और पांच गड्डी फर्जी रसीद बरामद की गई। पुलिस के अनुसार बरामद रसीदों पर उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के फेफना क्षेत्रीय वन अधिकारी के हस्ताक्षर और मुहर अंकित पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि इन रसीदों का इस्तेमाल कर ट्रक चालकों को भ्रमित किया जाता था और उनसे जबरन वसूली की जाती थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यूपी के गहमर थाना क्षेत्र के मगरखाई निवासी रामबचन सिंह, बारा निवासी सैयद शाहनवाज तथा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सौंवाबांध निवासी श्यामबिहारी सिंह के रूप में की गई है।

अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और विभिन्न स्थानों पर ट्रकों को रोककर फर्जी दस्तावेज दिखाकर पैसे वसूलता था। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button