प्रखंड कार्यालय परिसर में मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

बीआर दर्शन | बक्सर
सिमरी प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित आरपीएस काउंटर के समीप से रविवार को एक युवक का शव बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान बलिहार गांव निवासी स्व. गामा नट के 35 वर्षीय पुत्र जम्मू नट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका शव आरटीपीएस काउंटर के पास ही पड़ा था। सुबह करीब 10 बजे अपने किसी काम से थाना जा रहे एक व्यक्ति की नजर शव पर पड़ी तो इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले पहचान का प्रयास शुरू किया। करीब दो घंटे के बाद उसकी पहचान हो पाई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि उसकी पत्नी का निधन पूर्व में हो गया था। उसके दो बच्चे भी है, जिनकी परवरिश मृतक के चाचा करते है। पत्नी के मौत के बाद ही युवक मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
सिमरी पुलिस ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों ने किसी तरह की आशंका नहीं जताई है।