OTHERS

नाव पर निकली दुल्हे राजा की सवारी, सोशल मीडिया पर छाया वीडियो 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

एक तरफ जहां पुरा जिला बाढ़ की विभीषिका झेल रहा है वहीं दूसरी तरफ गंगा की लहरों को चिर बारात ले जाने का दृश्य चर्चा का विषय बना हुआ है। जिले के सिमरी दियारा क्षेत्र में, जहां गंगा नदी के उफान और बाढ़ के पानी से घिरे इलाके में एक अनोखी बारात निकली। सड़कें डूब चुकी थीं, पर शादी रद्द नहीं हुई दूल्हा और बाराती नाव पर सवार होकर दुल्हन के घर पहुंचे। यह अनूठी बारात नैनिजोर लाल डेरा गांव के रहने वाले कमलेश राम के पुत्र राजेश कुमार की थी। राजेश की शादी उत्तर प्रदेश के बयासी गांव में तय थी। सब तैयारी पहले से हो चुकी थी, लेकिन अचानक बाढ़ ने सारे रास्ते बंद कर दिए। गंगा के उफान के कारण सड़क मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया। ऐसे में बारात को टालना या रद्द करना मुश्किल था।

बाढ़ में नाव बनी बारात की गाड़ी

इस विषम परिस्थिति में परिवार ने नाव से बारात ले जाने का फैसला किया। सोमवार को जब गांव के लोग सुबह जागे, तो उन्होंने एक अद्भुत नजारा देखा। गंगौली गांव के पास तटबंध के नीचे से एक सजी-धजी नाव पर बारात निकल रही थी। दूल्हा साफा पहने, पारंपरिक पोशाक में नाव पर बैठा था और उसके साथ बाराती भी उसी जोश के साथ मौजूद थे। नाव पर कोई डीजे नहीं था, न ही बैंड-बाजा लेकिन गंगा की लहरों की थपकी और नाविकों की ताल ने माहौल को खास बना दिया। बारातियों ने भी पूरे जोश में ढोलक की जगह तालियों और गुनगुनाहट के साथ उत्सव मनाया।

सोशल मीडिया पर छाया बारात का वीडियो 

ग्रामीणों के लिए यह दृश्य अनोखा और हैरतअंगेज़ था। लोगों ने अपने मोबाइल से इस खास बारात के फोटो और वीडियो बनाए और सोशल मीडिया पर शेयर करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते यह बारात इलाके में चर्चा का विषय बन गई। जहां एक ओर बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई थीं, वहीं यह शादी एक प्रेरणा बनकर उभरी, कि परिस्थिति कितनी भी कठिन क्यों न हो, धैर्य और सूझबूझ से समाधान निकाला जा सकता है।

दूल्हे के पिता कमलेश राम ने बताया, शादी की तारीख पहले से तय थी और रद्द करना हमारे लिए संभव नहीं था। इसलिए हमने नाव से बारात ले जाने का निर्णय लिया। गंगा मैया की लहरों ने हमारी बारात को यादगार बना दिया। यह शादी हमारे परिवार के लिए हमेशा खास रहेगी। ग्रामीणों का कहना है कि यह शादी लंबे समय तक लोगों को याद रहेगी, क्योंकि बाढ़ की त्रासदी के बीच यह अनोखी बारात है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button