ट्रैक्टर के चपेट में आने से युवक की मौत, बुझ गया घर का इकलौता चिराग

बीआर दर्शन | बक्सर
कोरानसराय थाना क्षेत्र के मठिला फुलवारी के पास गुरुवार को ट्रैक्टर के चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक कंझरुआ गांव निवासी प्रभुनाथ मिश्र के इकलौते पुत्र 21 वर्षीय सुमित कुमार मिश्र गुरुवार को बाइक से मठिला से गांव जा रहा था। मठिला फुलवारी के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुमित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक मनीष कुमार साह गंभीर रूप से घायल हो गया। मनीष अदफ़ा गांव का निवासी है और फिलहाल उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतक युवक माता-पिता का इकलौता बेटा था।
सुमित के पिता प्रभुनाथ मिश्र गांव में ही खेती करते हैं। हादसे के बाद सुमित के घर में कोहराम मचा हुआ है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। कोरान सराय थानाध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि पुलिस जल्द ही ट्रैक्टर को बरामद कर लेगी, इसके लिए जांच किया जा रहा है।