ट्रांसजेंडराें काे दी गई सरकार द्वारा संचालित याेजनाओं की जानकारी

बीआर दर्शन | बक्सर
विधिक सेवा प्राधिकार भवन बक्सर में ट्रांसजेंडराें के एकीकरण पुनर्वास एवं न्याय के अंतर्गत सितारा 2023 की विस्तृत जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सचिव नेहा दयाल द्वारा ट्रांसजेंडराें को समाज के साथ जोड़ने हेतु सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया की अब प्रत्येक माह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य अधिकारियों के साथ इनके विकास, शिक्षा तथा उन्हें मुख्य धारा से जोड़ने हेतु बैठक की जाएगी।
बता दें कि बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा चलाए जा रहे ‘सितारा’ योजना का मुख्य उद्देश्य ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के समग्र कल्याण के लिए पहल करते हुए ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 और ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) नियम, 2020 के उचित कार्यान्वयन की निगरानी करना है। इसके लिए समय समय पर बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार ट्रांसजेंडराे के बीच जाकर उनको हक और अधिकार दिलाने के लिए सितारा योजना से जुड़ने का कार्य करती है। बिहार एक पहला राज्य है जहां ट्रांसजेंडर के समुचित विकास के लिए ‘ सितारा‘ योजना लाई गई है। जिससे ट्रांसजेंडराें को समाज के मुख्य धारा से जोड़कर उनके उत्थान में कार्य किया जा सके। इस बैठक में चीफ, एलईडीसीएस विनय कुमार एवं डिप्टी चीफ एलईडीसीएस कुमार मानवेन्द्र के साथ किन्नर रुपा, गुनगुन, पपिया, तान्या भी उपस्थित थे।