औचक निरीक्षण में राजपुर प्रखंड का खुला कलई, बीडीओ – सीओ समेत कई अनुपस्थित

बीआर दर्शन | बक्सर
डीएम अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर सोमवार को अपर समाहर्ता कुमारी अनुपम सिंह ने राजपुर प्रखंड अंतर्गत सभी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। कर्मियों के अनुपस्थिति संबंधित कोई सूचना पट्ट पर प्रदर्शित नहीं पाया गया। औचक निरीक्षण से प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया।
कलेक्ट्रेट से मिली जानकारी के मुताबिक निरीक्षण में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, प्रभारी पदाधिकारी विशेष सर्वे शिविर, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक (लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान) अनुपस्थित पाए गए। साथ ही इन कार्यालयों के कई कर्मी भी अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से स्पष्टीकरण की मांग की जाएगी। सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया कि ससमय कार्यालय में उपस्थित रहेंगे।
निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि आम नागरिकों की जानकारी हेतु अनुपस्थिति के संबंध में कोई सूचना प्रदर्शित नहीं है। पूर्व में भी निदेश दिया गया था कि किसी अन्य कार्य में प्रतिनियुक्ति के कारण कार्यालय से बाहर रहने की स्थिति में सूचना पट्ट पर प्रदर्शित कराना सुनिश्चित है। ताकि नागरिकों को कोई कठिनाई नहीं हो। परंतु इसका अनुपालन नहीं किया जा रहा है। इन कारणों से ग्रामीणों को जिलास्तरीय जनता दरबार में जाना पड़ता है।