Accident

एनएच 922 पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार व्यक्ति की मौत

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

एनएच-922 आरा-बक्सर फोरलेन पर सड़क हादसों में भी लगातार इजाफा देखा जा रहा है। रविवार शाम औद्योगिक थाना क्षेत्र के दलसागर गांव के समीप एक सड़क हादसे में स्थानीय निवासी राजकुमार चौबे उर्फ राजू चौबे की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक राजकुमार चौबे (60 वर्ष) रविवार को स्कूटी से किसी काम से दलसागर के पास फोरलेन किनारे जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और चौबे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें सदर अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से जख्मी को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। पटना जाने के क्रम में रास्ते में जख्मी की मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि राजकुमार चौबे गुजरात से नौकरी से रिटायर होने के बाद अपने गांव लौटे थे और नया स्टार्टअप शुरू कर रहे थे। हाइवे किनारे हरिकिशुनपुर मोड़ के पास उनका शोरूम निर्माणाधीन था। रविवार को वे निर्माण कार्य की निगरानी के लिए ही घर से निकले थे कि तभी यह हादसा हो गया।

औद्योगिक थानाध्यक्ष संजय कुमार बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। फरार वाहन की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button