आगे निकलने को लेकर ट्रक चालकों में हुआ विवाद, ट्रक के चपेट में आने से एक चालक की मौत

बीआर दर्शन | बक्सर
एनएच 922 पर जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र में दो ट्रक चालकों के बीच हुए विवाद में दर्दनाक हादसा हो गया। एक ट्रक चालक की मौत दूसरे ट्रक से कुचलकर हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। वहीं आरोपी ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।


यह घटना पुराना भोजपुर में शुक्रवार की रात लगभग 10:30 बजे उस समय हुई जब नो इंट्री खुलने के बाद ट्रकों का आवागमन शुरू हुआ। नो इंट्री खुलते ही आगे निकलने और ओवरटेक करने को लेकर दो ट्रक चालकों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक ट्रक चालक ने अपना वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया और हाथ में लोहे की रॉड लेकर दूसरे चालक को मारने के इरादे से उसकी ओर बढ़ गया। इसी दौरान दूसरे चालक ने ट्रक नहीं रोका और वाहन आगे बढ़ाते हुए उसे कुचल दिया। घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी पंकज यादव (पिता रामायण यादव) के रूप में की गई है। घटना के बाद मौके पर पहुंची नया भोजपुर थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




