OTHERS

अस्पताल के शौचालय में लावारिस हालत में मिला नवजात, लोग अचंभित 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

चौगाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक नवजात शिशु शौचालय के कमोड में लावारिस हालत में मिला। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए। यह घटना शुक्रवार की सुबह का है।

बताया जा रहा है कि चौगाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के इमरजेंसी वार्ड में सफाईकर्मी नियमित सफाई के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें शौचालय से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि एक नवजात शिशु शौचालय के कमोड में पड़ा हुआ था। सफाईकर्मी ने तुरंत इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों को दी। सूचना मिलते ही डॉक्टर मौके पर पहुंचे और नवजात को सावधानीपूर्वक कमोड से बाहर निकाला। बच्चे के शरीर पर लगे खून को साफ कर उसे सुरक्षित किया गया। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन को घटना की जानकारी दी गई। बच्चे के सुरक्षित मिलने की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने आश्चर्य जताते हुए नवजात को शौचालय में छोड़ने वाली मां को जमकर कोसा।

चौगाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मितेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह सफाईकर्मी को इमरजेंसी वार्ड के शौचालय में बच्चा मिला था। उन्होंने पुष्टि की कि नवजात को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया है। बच्चे का वजन ढाई किलो से अधिक है और उसकी हालत स्थिर है। नवजात को चाइल्ड केयर टीम को सौंप दिया जाएगा।

घटना की सूचना मिलने पर मुरार थाना प्रभारी नेहा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जांच शुरू कर दी है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि बच्चे को शौचालय में छोड़ने वाले की पहचान की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button