अज्ञात वाहन के चपेट में आने से बाइक सवार अधेड़ की मौत

बीआर दर्शन | बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा – मोहनियां मार्ग पर महावीर स्थान के पास गुरुवार की देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण उग्र हो सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने समझा कर सड़क जाम हटाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक खड़गपुरा गांव निवासी जनार्दन तिवारी (52 वर्ष), पिता – हरिद्वार तिवारी अपने गांव से सोनपा की तरफ जा रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से तत्काल जनार्दन तिवारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया। लेकिन दूसरे अस्पताल में ले जाने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने बक्सर-मोहनिया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझा कर शांत कराया।
राजपुर थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश सिंह ने बताया कि हादसा शाम करीब 7:30 बजे हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जख्मी को अस्पताल भेजा था, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के पहले ही उनकी जान चली गई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान में जुटी हुई है।